1
1
1
2
3
4
5
6
7
8
9
10
लोकभवन, सिक्किम में आज सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर से पत्र सूचना कार्यालय (PIB) रायपुर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के 12 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। यह प्रतिनिधिमंडल 15 से 21 फरवरी तक सात दिवसीय मीडिया प्रवास पर सिक्किम में है।
इस प्रवास का उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी परियोजनाओं, आधारभूत संरचना विकास कार्यों तथा सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना है।
भेंट के दौरान राज्यपाल ने सिक्किम को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग राज्य बताते हुए यहां संचालित विभिन्न पहलों की जानकारी दी। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और सतत पर्यटन के क्षेत्र में राज्य द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को सिक्किम के ऐतिहासिक और सामरिक महत्व वाले स्थलों, विशेषकर चोला और डोकला दर्रों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने इन स्थलों के भ्रमण और उनके ऐतिहासिक महत्व को समझने के लिए पत्रकारों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर पत्रकारों ने सड़क और हवाई संपर्क, जैविक उत्पादों के विपणन तथा पर्यटन अवसंरचना से जुड़े प्रश्न उठाए। राज्यपाल ने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार इन क्षेत्रों को सुदृढ़ बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के प्रमुख मीडिया संस्थानों के 10 वरिष्ठ पत्रकार, एक अधिकारी और एक कर्मचारी शामिल हैं। सिक्किम से पत्र सूचना कार्यालय, गंगटोक के सहायक निदेशक श्री मानस प्रतिम शर्मा भी उपस्थित रहे। दल का नेतृत्व सहायक निदेशक श्री सुदीप्त कर और श्री पुरुषोत्तम झा कर रहे हैं।
इस दौरान मीडिया दल ने पुराने लोकभवन का भी भ्रमण किया। उन्होंने जाना कि यह भवन स्वतंत्रता-पूर्व ब्रिटिश राजनीतिक कार्यालय से लेकर राजभवन और वर्तमान लोकभवन तक की यात्रा का साक्षी रहा है, जो भारतीय लोकतंत्र के विकास की कहानी को दर्शाता है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय प्रायोजित प्रमुख परियोजनाओं का अवलोकन करेगा। इनमें सिक्किम की पहली रेल संपर्क परियोजना सेवोक–रंगपो रेलवे लाइन का साइट विजिट शामिल है। साथ ही सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नाथू ला दर्रा, बाबा मंदिर और छांगू झील का भ्रमण भी प्रस्तावित है। दल वाइब्रेंट विलेज पहल, पेलिंग स्काईवॉक तथा भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण केंद्रों का भी दौरा करेगा।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के अंतर-राज्यीय मीडिया संवाद राष्ट्रीय एकता को मजबूत करेंगे और विकास कार्यों की जानकारी व्यापक स्तर तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगे।