रायपुर, 18 फरवरी 2026 : विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा की पूज्य माता स्वर्गीय श्रीमती कुसुम सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री बिलासपुर के बोदरी स्थित मुख्य न्यायाधीश निवास में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। उन्होंने श्रीमती कुसुम सिन्हा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवारजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माता का स्नेह, संस्कार और त्याग जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। उन्होंने श्रीमती कुसुम सिन्हा के सरल और स्नेहमयी व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए कहा कि उनका शांत और गरिमामय स्वभाव सदैव याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस तथा विधायक सुशांत शुक्ला ने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम में उच्च न्यायालय एवं अधीनस्थ न्यायालयों के न्यायाधीश, अधिवक्ता, महाधिवक्ता कार्यालय के अधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

