राज्यपाल रमेन डेका ने आज लोकभवन में रेडक्रॉस की नवगठित प्रबंध समिति के सदस्यों से सौजन्य भेंट की। बैठक के दौरान रेडक्रॉस की वर्तमान गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
राज्यपाल ने संगठन की सदस्यता बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को रेडक्रॉस से जोड़ा जाना चाहिए, ताकि सामाजिक और मानवीय गतिविधियों को व्यापक आधार मिल सके। उन्होंने सिकल सेल बीमारी की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में रायपुर में शीघ्र ब्लड बैंक शुरू करने के लिए ठोस पहल करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। राज्यपाल ने बताया कि सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस सेवा के लिए स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही एम्बुलेंस उपलब्ध हो जाएगी।
उन्होंने जिलों में रेडक्रॉस के लिए भवन, एम्बुलेंस और ब्लड बैंक की स्थापना हेतु जिला कलेक्टरों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय और सहयोग लेने का सुझाव भी दिया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. के. राउत, अध्यक्ष टोमन साहू और प्रबंध समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

