• States News
  • कोरबा में 72 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, सामुदायिक भवन जनता को समर्पित

    Korba Development Bhoomipujan | LawNotify.in

    नगर पालिक निगम कोरबा के रविशंकर नगर जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 28 और 27 में करीब 72 लाख रुपये के नए विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। इन कार्यों का भूमिपूजन प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने किया। कार्यक्रम के दौरान शिलान्यास पट्टिका का अनावरण भी किया गया। मंत्री ने निगम अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य तय समयसीमा में और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

    नगर निगम की ओर से वार्ड 28 में कुआंभट्ठा बुधवारी बायपास स्थित विवेकानंद सेवा सदन के द्वितीय तल पर 25 लाख रुपये की लागत से हाल और कक्ष निर्माण के साथ अन्य विस्तार कार्य किए जाएंगे। इसी वार्ड में कन्या महाविद्यालय के पीछे ब्रह्मवाटिका के पास 5 लाख रुपये की लागत से किचन शेड बनाया जाएगा। इसके अलावा ‘अपना घर’ के पास 30 लाख रुपये की लागत से अहाता निर्माण और अन्य विस्तार कार्य प्रस्तावित हैं।

    वार्ड 27 के महाराणा प्रताप नगर एक्सटेंशन में 12 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली और कलवर्ट का निर्माण भी कराया जाएगा। महाराणा प्रताप नगर स्थित दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सभी विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया।

    इस मौके पर वार्ड 27 के महाराणा प्रताप नगर दशहरा मैदान में 4 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया गया। मंत्री श्री देवांगन और महापौर श्रीमती राजपूत ने भवन को जनसेवा के लिए समर्पित किया। मंत्री ने अपने निधि से भवन के लिए कुर्सी और टेबल की व्यवस्था हेतु 25 हजार रुपये देने की घोषणा की और तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

    अपने संबोधन में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा की जनता का विश्वास उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्ष एक माह के कार्यकाल में नगर निगम क्षेत्र के लिए विभिन्न मदों से 850 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। पूरे जिले में लगभग 5 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए विकास कार्यों की गति पर प्रकाश डाला।

    महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि कुछ वर्षों से कोरबा का विकास धीमा पड़ा था, लेकिन अब शहर ने फिर से गति पकड़ ली है। उन्होंने बताया कि सभी वार्डों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हो रहे हैं और वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं बस्ती क्षेत्र से आती हैं और वहां की समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं, इसलिए समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

    कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

    Law Notify Team

    Team Law Notify

    Law Notify is an independent legal information platform working in the field of law science since 2018. It focuses on reporting court news, landmark judgments, and developments in laws, rules, and government notifications.
    1 min