1
1
1
2
3
4
5
6
7
8
9
10
भोपाल, 5 अप्रैल 2026: मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा क्षेत्र में हुए दर्दनाक लॉज भवन ध्वस्त हादसे के बाद राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए बड़ी आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक मृतक के परिजन को कुल 9-9 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4 लाख रुपये, संबल योजना के तहत 4 लाख रुपये और रेडक्रॉस से 1 लाख रुपये शामिल हैं।
घायलों के लिए भी सहायता राशि घोषित की गई है। गंभीर और अन्य घायलों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख रुपये तथा रेडक्रॉस से 50-50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस हादसे में कुल 3 लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि 3 अन्य घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। अन्य घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में चल रहा है।
घटना के बाद शनिवार शाम से शुरू हुआ सघन रेस्क्यू ऑपरेशन रविवार दोपहर तक चला। राहत एवं बचाव कार्य में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और एसईसीएल की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। आधुनिक उपकरणों और डॉग स्क्वॉड की मदद से मलबे की गहन तलाशी ली गई। रेस्क्यू टीमों ने मलबे से 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया, जबकि 3 अन्य के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान हनुमान दीन यादव, रामकृपाल यादव और एक अन्य स्थानीय निवासी के रूप में हुई है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार और कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल घटनास्थल पर पूरी रात मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी करते रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस गंभीर हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी ताकि जिम्मेदारों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी सभी एजेंसियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समन्वित प्रयासों से राहत कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।