Saturday, 17 October, 2026

देशभर में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित, डिजिटल बुकिंग पर जोर


petrol diesel availability india

केंद्र सरकार देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से वितरकों के पास जाने से बचें। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, वितरण स्तर पर किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) आधारित एलपीजी डिलीवरी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह आंकड़ा फरवरी 2026 के 53 प्रतिशत से बढ़कर अब 90 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

मंत्रालय ने बताया कि बीते दिन 5 किलोग्राम के 90 हजार से अधिक फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर बेचे गए। ये छोटे सिलेंडर नजदीकी एलपीजी वितरकों के पास उपलब्ध हैं और इन्हें बिना पते के प्रमाण के, केवल किसी भी वैध पहचान पत्र के आधार पर खरीदा जा सकता है। मार्च 2026 से अब तक लगभग 3.6 लाख पीएनजी कनेक्शन सक्रिय किए जा चुके हैं, जबकि 3.9 लाख से अधिक नए उपभोक्ताओं ने कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है।

वहीं, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने जानकारी दी है कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय ध्वज वाले जहाज से संबंधित कोई घटना सामने नहीं आई है। देशभर के बंदरगाहों पर संचालन सामान्य रूप से जारी है। महानिदेशालय शिपिंग ने अब तक कुल 1479 भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित की है, जिनमें से 159 नाविकों को पिछले 24 घंटों में खाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से वापस लाया गया है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि वह खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। ईरान में फंसे 345 भारतीय मछुआरे बीते दिन सुरक्षित स्वदेश लौट आए हैं। मंत्रालय के अनुसार, उड़ानों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और 28 फरवरी से अब तक लगभग 7 लाख 2 हजार यात्री इस क्षेत्र से भारत वापस आ चुके हैं।