गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को आयोजित होली मिलन कार्यक्रम ‘रंग बरसे 5.0’ के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। ब्रदरहुड पैनल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रंग-गुलाल खेल रही छात्राओं को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हुई। शुरुआत में मामूली बहस हुई, लेकिन जल्द ही मामला धक्का-मुक्की और फिर मारपीट में बदल गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और स्थिति बेकाबू हो गई।
छात्रों का कहना है कि दोनों गुटों के कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। यह विश्वविद्यालय परिसर में होली मिलन समारोह के दौरान मारपीट की दूसरी घटना बताई जा रही है।
घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और उप-कुलपति की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि इस तरह के आयोजनों में पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जाती, जिससे हर बार विवाद की स्थिति बनती है।

