Popular Posts

एसबीआई की सीएसआर पहल, बिलासपुर में दिव्यांग महिलाओं को सेनेटरी पैड और डिस्पेंसिंग मशीनें उपलब्ध

बिलासपुर, 18 फरवरी 2026 – स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की क्षेत्रीय शाखा, बिलासपुर ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत महिला दिव्यांगजनों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए अहम कदम उठाया है। बैंक की ओर से समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित शासकीय आश्रयदत्त कर्मशाला, तिफरा में 100 सेनेटरी पैड और एक सेनेटरी पैड डिस्पेंसिंग मशीन प्रदान की गई।

इसी क्रम में मानसिक रूप से पुनर्वासित महिलाओं के लिए संचालित हाफ वे होम, कोनी में 200 सेनेटरी पैड और दो डिस्पेंसिंग मशीनें उपलब्ध कराई गईं। इन संसाधनों से संस्थाओं में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं दिव्यांग महिलाओं को स्वच्छता संबंधी आवश्यक सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।

कार्यक्रम के दौरान एसबीआई के एचआर मैनेजर हर्ष तिवारी ने उपस्थित महिलाओं और संस्था प्रभारियों को मशीन के उपयोग तथा सेनेटरी पैड के सुरक्षित और स्वच्छ इस्तेमाल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया समाज के वंचित वर्गों, खासकर दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है। उनके अनुसार, यह पहल महिला स्वच्छता, गरिमा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सार्थक कदम है।

इस अवसर पर संयुक्त संचालक टी.पी. भावे, उपनियंत्रक वीना कमलेश, सहायक सांख्यिकी अधिकारी प्रशांत मोकासे, आश्रयदत्त कर्मशाला की प्रभारी अधीक्षक वीना दीक्षित और हाफ वे होम कोनी के व्यवस्थापक प्रमोद शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।