• Hindi
  • ‘मोर माटी, मोर मान’ थीम पर होगा प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन, नवा रायपुर में दो दिवसीय आयोजन

    प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन | LawNotify.in

    रायपुर, 27 फरवरी 2026: ‘मोर माटी, मोर मान’ की थीम पर आगामी 27 और 28 मार्च को नवा रायपुर में भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आज विधानसभा स्थित समिति कक्ष में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनसंपर्क विभाग के सचिव श्री रोहित यादव और आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

    बैठक में बताया गया कि आयोजन की रूपरेखा रायपुर साहित्य महोत्सव की तर्ज पर तैयार की जा रही है। सम्मेलन में विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ मूल के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। पंजीयन के लिए विशेष पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से प्रवासी छत्तीसगढ़िया अपना रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा, संस्कृति और कला से जुड़े विशेष सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे।

    मुख्य सचिव ने कहा कि विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ वासियों को राज्य से जोड़ने की यह पहल महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार यह सम्मेलन राज्य और प्रवासी समुदाय दोनों के लिए नए अवसर लेकर आएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्मेलन में आने वाले अतिथियों को आवश्यकतानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

    बैठक में यह भी तय हुआ कि विदेशों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले प्रवासियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञ प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के साथ युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित होंगे, ताकि राज्य के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय अनुभव का लाभ मिल सके।

    सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रवासियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यदि कोई प्रवासी किसी सेक्टर में निवेश या कार्य करने की सहमति देता है तो उसके साथ एमओयू भी किया जाएगा। आयोजन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की विशेष व्यवस्था भी रहेगी।

    बैठक में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, स्टेट कैपिटल रीजन के सीईओ श्री अंकित आनंद, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह विभाग की सचिव श्रीमती नेहा चंपावत, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्री श्याम धावड़े, श्री चंदन कुमार, संस्कृति विभाग के संचालक श्री विवेक आचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

    Law Notify Team

    Team Law Notify

    Law Notify is an independent legal information platform working in the field of law science since 2018. It focuses on reporting court news, landmark judgments, and developments in laws, rules, and government notifications.
    1 mins