• States News
  • बिलासपुर में मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की माताजी स्व. कुसुम सिन्हा की स्मृति में शांति हवन आयोजित

    Representative Image of Shanti Havan Ceremony | LawNotify.in

    बिलासपुर – छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती कुसुम सिन्हा (10 जुलाई 1942 – 15 फरवरी 2026) की पुण्य स्मृति में बुधवार, 18 फरवरी 2026 को शांति हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शाम 5 बजे से 6:30 बजे तक मुख्य न्यायाधीश के शासकीय आवास, उच्च न्यायालय आवासीय परिसर, बोदरी, बिलासपुर में संपन्न हुआ।

    वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शांति हवन संपन्न हुआ। इसके बाद भजन संध्या और शोक सभा आयोजित की गई। उपस्थित जनों ने मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय श्रीमती कुसुम सिन्हा के सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, उच्च संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि उनके स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद ने सदैव कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा और सेवा भाव की प्रेरणा दी। परिवार और समाज के लिए उनकी स्मृतियां प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।

    मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने भी अपनी माताजी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके आदर्शों ने उन्हें जीवन और दायित्वों के निर्वहन में सदैव शक्ति दी। उन्होंने कहा कि माताजी की सीख और आशीर्वाद आगे भी मार्गदर्शन करते रहेंगे।

    कार्यक्रम में विष्णुदेव साय, तोखन साहू, गजेंद्र यादव, रमेश बैस और सुशांत शुक्ला सहित उच्च न्यायालय के सभी न्यायाधीशगण, महाधिवक्ता, पुलिस महानिदेशक, उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी, रजिस्ट्रार जनरल व रजिस्ट्री के अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के न्यायिक अधिकारी, जिला न्यायपालिका के अधिकारी, अधिवक्तागण और उच्च न्यायालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

    Law Notify Team

    Team Law Notify

    Law Notify is an independent legal information platform working in the field of law science since 2018. It focuses on reporting court news, landmark judgments, and developments in laws, rules, and government notifications.
    1 mins