Popular Posts

Principal District & Sessions Court Mungeli _ LawNotify.in

मुंगेली में वर्ष 2026 की द्वितीय नेशनल लोक अदालत आयोजित, 17 हजार से अधिक प्रकरणों का हुआ निराकरण

मुंगेली, 9 मई 2026। जिला न्यायालय परिसर में वर्ष 2026 की द्वितीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के सभी जिला न्यायालयों से वर्चुअल रूप से जुड़कर लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डाला।

मुख्य न्यायाधीश श्री सिन्हा ने कहा कि नेशनल लोक अदालत केवल न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी सुलह, समझ और सौहार्द स्थापित करने का प्रभावी मंच भी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) का यह ड्रीम प्रोजेक्ट पक्षकारों के बीच विवादों को आपसी सहमति से समाप्त कर रिश्तों में मधुरता लाने का कार्य करता है। उन्होंने अधिक से अधिक मामलों के राजीनामा के माध्यम से निराकरण करने की अपील की।

कार्यक्रम के बाद मुख्य न्यायाधीश द्वारा जिला न्यायालय मुंगेली एवं विभिन्न लोक अदालत खंडपीठों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जरूरतमंदों और पक्षकारों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। साथ ही बैंक, बीमा, नगर निगम और विद्युत विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर अधिकाधिक प्रकरणों के निराकरण में सहयोग देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ मुंगेली जिले से होना न्यायपालिका की संवेदनशीलता और दूरदर्शिता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका पारदर्शी, जनहितकारी और सुलभ न्याय व्यवस्था के लिए लगातार कार्य कर रही है।

नेशनल लोक अदालत के लिए जिला न्यायालय में 6, तहसील न्यायालय लोरमी में 1 तथा राजस्व न्यायालय में 8 खंडपीठों का गठन किया गया था। लोक अदालत में न्यायालय में लंबित 2,060 तथा प्री-लिटिगेशन के 19,738 सहित कुल 21,798 प्रकरणों को सुनवाई के लिए चिन्हित किया गया था। इनमें से लंबित 1,794 मामलों का निराकरण करते हुए 42 लाख 81 हजार 324 रुपये का अवार्ड पारित किया गया। वहीं प्री-लिटिगेशन के 15,538 मामलों का निराकरण कर 7 लाख 44 हजार 656 रुपये का अवार्ड पारित किया गया।

कार्यक्रम में रजनीश श्रीवास्तव, कुन्दन कुमार, भोजराम पटेल सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालयीन कर्मचारी और बड़ी संख्या में पक्षकार उपस्थित रहे। अगली नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026 को किया जाएगा।