1
1
1
2
3
4
5
6
7
8
9
10
May 18, 2026 : छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् ने उत्तर मध्यमा प्रथम वर्ष (11वीं) द्वितीय मुख्य परीक्षा जून 2026 की समय-सारिणी जारी कर दी है। परीक्षा का आयोजन 1 जून से 9 जून 2026 तक किया जाएगा। मंडलम् ने परीक्षा संचालन को पारदर्शी, गोपनीय और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए केंद्राध्यक्षों एवं सहायक केंद्राध्यक्षों हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
जारी निर्देशों में कहा गया है कि प्रश्न पत्रों की सेटिंग, मॉडरेशन, टंकण और मुद्रण की प्रक्रिया अत्यंत संवेदनशील होती है, इसलिए प्रश्न पत्रों के पैकेट खोलने और वितरण के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए। परीक्षा के दिन प्रश्न पत्रों के पैकेट परीक्षा प्रारंभ होने से 15 से 20 मिनट पहले केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्ष की उपस्थिति में खोले जाएंगे। इस दौरान विषय और तिथि का मिलान अनिवार्य रूप से किया जाएगा। किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल मंडलम् कार्यालय को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडलम् ने परीक्षा संबंधी किसी भी जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की चेतावनी दी है। साथ ही नकल रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। जिला स्तर पर गठित उड़नदस्ता दल परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समय-सारिणी के अनुसार परीक्षा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा कक्ष में उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण सुबह 9:05 बजे तथा अध्ययन हेतु प्रश्न पत्र 9:10 बजे वितरित किए जाएंगे। उत्तर लेखन कार्य सुबह 9:15 बजे से शुरू होगा।
परीक्षा कार्यक्रम के तहत 1 जून को अनिवार्य व्याकरणम् एवं साहित्यम्, 2 जून को भूगोल, 3 जून को हिन्दी एवं अंग्रेजी तथा 4 जून को साहित्यम्, नव्य व्याकरणम्, प्राच्य व्याकरणम्, वेद और दर्शन विषयों की परीक्षा होगी। 5 जून को राजनीति शास्त्र, रसायन शास्त्र और व्यवसाय अध्ययन, 6 जून को इतिहास, जीव विज्ञान, गणित एवं लेखांकन विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं 8 जून को पौरोहित्यम्, ज्योतिष शास्त्रम्, प्रवचनम्, योगदर्शनम् और आयुर्वेद तथा 9 जून को अर्थशास्त्र, भौतिक शास्त्र और कृषि विज्ञान विषयों की परीक्षा संपन्न होगी।
मंडलम् ने स्पष्ट किया है कि स्वाध्यायी परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं संबंधित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर अवकाश के दिनों में भी प्रायोगिक परीक्षाएं ली जा सकेंगी। इसके अलावा परीक्षा अवधि के दौरान शासन द्वारा किसी प्रकार का अवकाश घोषित किए जाने पर भी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।
परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी कठिनाई की स्थिति में मंडलम् द्वारा जारी नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए डॉ. गरिमा ताम्रकार (+91-9479138120), डॉ. व्यास नारायण आर्य (+91-9977028765) एवं श्री मुकेश बन्ने (+91-8839915323) से संपर्क किया जा सकता है।