दुर्ग – जिला अधिवक्ता संघ के आगामी चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। 17 पदों के लिए 4 अप्रैल को होने वाले इस चुनाव में कुल 64 प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 मार्च को सभी 64 नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की गई थी, जबकि 27 मार्च को नाम वापसी की अंतिम तिथि पर किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया। इसके बाद सभी 64 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में बने हुए हैं।
इस बार अध्यक्ष पद के लिए आठ उम्मीदवार आमने-सामने हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अध्यक्ष पद पर उमाभारती साहू, नीता जैन, मधुप शर्मा, गुलाब सिंह पटेल, संगीता सिंह, गिरीशचंद शर्मा, रमेश शर्मा और देवेंद्र कुमार गुप्ता चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से चार पूर्व अध्यक्ष : नीता जैन, गिरीशचंद शर्मा, रमेश शर्मा और गुलाब सिंह पटेल फिर से अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि कनिष्ठ महिला उपाध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशी चुनाव लड़ रही हैं। सचिव पद पर तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है, जिसमें लगातार चार बार सचिव रह चुके रविशंकर सिंह एक बार फिर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनमें पूर्व कोषाध्यक्ष अनिल जायसवाल भी शामिल हैं।
सहसचिव (पुरुष) पद के लिए चार, सहसचिव (महिला) पद के लिए तीन, ग्रंथपाल पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव पद के लिए दो तथा महिला क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव पद के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। कार्यकारिणी सदस्य के पदों के लिए भी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की है, जिससे चुनावी प्रतिस्पर्धा और अधिक बढ़ गई है।
चुनावी प्रक्रिया के साथ ही सभी प्रत्याशियों ने अधिवक्ता सदस्यों के बीच प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है। बार के गलियारों में चुनावी चर्चा अपने चरम पर है और विभिन्न पदों के लिए समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। अब 4 अप्रैल को होने वाले मतदान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अधिवक्ता संघ की कमान किसके हाथ में जाएगी।

