1
1
1
2
3
4
5
6
7
8
9
10
अंबिकापुर, 10 मई 2026
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सरगुजा अंबिकापुर के मार्गदर्शन में 09 मई 2026 को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय अंबिकापुर सहित सभी न्यायालयों में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया।
नेशनल लोक अदालत के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय तथा सीतापुर न्यायालय में लगभग साढ़े तीन हजार लंबित प्रकरणों का निराकरण किया गया। वहीं राजस्व न्यायालयों में तेरह हजार से अधिक मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा हुआ। किशोर न्याय बोर्ड के 7 तथा परिवार न्यायालय के 18 प्रकरणों का आपसी सहमति और राजीनामे के आधार पर समाधान किया गया। इसके अलावा प्री-लिटिगेशन मामलों का भी आपसी सहमति से निराकरण किया गया।
इस दौरान परिवार न्यायालय सरगुजा में लंबित एक विशेष मामले ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह करने वाले दंपत्ति, जिनकी तीन संतानें हैं, पिछले 7-8 वर्षों से आपसी मतभेदों के कारण अलग रह रहे थे। उनके बीच विवाह विच्छेद का मामला परिवार न्यायालय में लंबित था।
नेशनल लोक अदालत में दोनों पक्षों के बीच संवाद, समझाइश और आपसी सहमति के प्रयासों से मतभेद दूर हुए। इसके बाद दंपत्ति ने पुनः साथ रहकर दांपत्य जीवन शुरू करने की सहमति दी और खुशी-खुशी अपने तलाक प्रकरण का निराकरण कराया।
इस तरह नेशनल लोक अदालत ने केवल लंबित मामलों के त्वरित समाधान का माध्यम बनने के साथ-साथ एक टूटते परिवार को फिर से जोड़कर समाज के सामने संवेदनशील और प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत किया।