Popular Posts

narcotics drug

नवा रायपुर में नारकोटिक्स ड्रग एवं प्री-कर्सर डिटेक्शन किट पर राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला

पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में नारकोटिक्स ड्रग डिटेक्शन किट और प्री-कर्सर डिटेक्शन किट के उपयोग पर राज्य स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम के निर्देशन में आयोजित हुई, जिसमें ऑन-स्पॉट ड्रग डिटेक्शन की प्रक्रिया और संदिग्ध पदार्थों की प्रारंभिक पहचान के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यशाला के दौरान बताया गया कि इन किट्स की मदद से मौके पर ही यह पता लगाया जा सकता है कि कोई पदार्थ मादक है या नहीं। इससे पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने, आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही, इन किट्स की उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए इन्हें विभिन्न जिलों में भी वितरित किया गया।

राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के संयुक्त संचालक डॉ. एच.एस. भावरा और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. संदीप कुमार वैष्णव ने लाइव डेमो के माध्यम से किट के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।

इस प्रशिक्षण में एंटी नारकोटिक्स टास्कफोर्स के नोडल अधिकारी और विवेचना अधिकारी सहित कुल 160 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती पूजा अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनामिका जैन, प्रभारी नारकोटिक्स सेल श्री अशुमान सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।