Popular Posts

District and Sessions Court Korba _ LawNotify.in

सर्वोच्च न्यायालय का ‘समाधान समारोह 2026’: आपसी सहमति से विवाद निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत 21 से 23 अगस्त तक

May 18, 2026 : सर्वोच्च न्यायालय द्वारा न्याय को आमजन तक सरल और सुलभ तरीके से पहुंचाने तथा आपसी सहमति से विवादों के समाधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 21 अप्रैल से शुरू हो चुका है और इसका समापन 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा।

विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा, जिसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों को शामिल किया जाएगा। इस दौरान सुलह बैठकों का आयोजन राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरण समितियों के मध्यस्थता केंद्रों में किया जा रहा है। सुलह वार्ता की प्रक्रिया 21 अप्रैल से ही प्रारंभ हो चुकी है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान करना है। अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं सभी संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और विवादों के समाधान की दिशा में सहयोग देने की अपील की गई है।

सुलह बैठकों में पक्षकार व्यक्तिगत रूप से अथवा वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं विधिक सेवा प्राधिकरणों के अधिकारी सहयोग प्रदान करेंगे।

अपने मामलों को ‘समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026’ में शामिल करने के लिए इच्छुक पक्षकारों को सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।

अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए समाधान समारोह हेतु स्थापित वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) के संपर्क नंबर 011-23115652, 011-23116464 तथा सीआरपी निदेशक के नंबर 011-23116465 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा सर्वोच्च न्यायालय के अतिरिक्त भवन परिसर स्थित बी ब्लॉक के कक्ष संख्या 806 एवं 808 में स्थापित वन स्टॉप सेंटर से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के लैंडलाइन नंबर +91-7759299134 पर भी संपर्क किया जा सकता है।